लक्ष्मणगढ़: मालाखेड़ा मुख्य मार्ग पर अंधेरे का साम्राज्य, एक महीने से खराब पड़ी हैं 6 में से 5 हाईमास्ट लाइटें
तहसील, सिटी डिस्पेंसरी और सीएमएचओ कार्यालय के पास मुख्य मार्ग पर छाया सन्नाटा
• दीपावली से पहले नगर पालिका के दावों की खुली पोल, व्यापारियों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
स्थानीय उपमंडल के व्यस्ततम मार्गों में शुमार मालाखेड़ा मेन रोड पर नगर पालिका प्रशासन की लाचारी और लापरवाही साफ नजर आ रही है। खंड उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के पास सड़क मार्ग पर लगीं 6 हाईमास्ट लाइटें पिछले 1 महीने से अधिक समय से खराब पड़ी हैं। हैरानी की बात यह है कि इन छह हाईमास्ट लाइटों में से वर्तमान में मात्र एक ही लाइट जल रही है, जिससे रात के समय पूरे इलाके में गहरा अंधेरा छाया रहता है।
प्रमुख सरकारी कार्यालयों और व्यस्त बाजार का है मार्ग
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। इन लाइटों के ठीक पास ही तहसील भवन, सिटी डिस्पेंसरी और खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) कार्यालय स्थित हैं। यह एक प्रमुख स्थानीय बाजार भी है, जहाँ शाम ढलने के बाद देर रात तक लोगों और वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में प्रमुख सरकारी कार्यालयों के बाहर और मुख्य सड़क पर पसरा यह अंधेरा किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है।
त्योहार नजदीक, पर जिम्मेदार आंखें मूंदे
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आगामी दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन द्वारा शहर के अन्य मोहल्लों और वार्डों में नई लाइटें लगाने व सुधार कार्य का दावा किया जा रहा है, जो कि प्रगति पर है। लेकिन इस मुख्य और संवेदनशील मार्ग पर लगीं इन हाईमास्ट लाइटों की सुधि लेने वाला कोई नहीं है।
व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि दीपावली पर्व से पहले इन सभी खराब हाईमास्ट लाइटों की तुरंत मरम्मत कराकर इन्हें दोबारा चालू किया जाए, ताकि राहगीरों और दुकानदारों को अंधेरे की समस्या से निजात मिल सके।

