खैरथल-किरवारी सड़क मार्ग पर गड्डे, वाहन चालक परेशान
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) किरवारी जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। पूरे रास्ते में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क से डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। बरसात में इन गड्डों में पानी भर जाता है। इससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क कई साल पहले बनी थी। उसके बाद कभी मरम्मत नहीं हुई। अब हालत यह है कि सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सुबह से शाम तक इस रास्ते से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। मगर गड्डों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क के बीच बने गहरे गड्डों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शहरवासी संदीप यादव, हिमांशु सैनी, कृष्ण कुमार, हर्ष, साहिल यादव ने बताया कि सड़क की हालत बहुत खराब है। कई जगह डामर पूरी तरह गायब हो चुका है। बड़े-बड़े गड्डों से दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। कई बार गड्डों में फिसलकर गिरने से लोग घायल हो चुके हैं। भगेंरी, जटियाना, किरवारी जैसे गांवों से सैकड़ों ग्रामीण रोज खैरथल आते हैं। कामकाज और अन्य जरूरी कामों के लिए उन्हें इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। मगर टूटी सड़क के कारण अब लोग इस रास्ते से आने-जाने से भी बचने लगे हैं।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता विकास यादव ने बताया कि खैरथल से किरवारी, बघेरी, माछरोली, दौलतपुर, बीबीरानी होते हुए शेखपुर अहीर तक करीब 41 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। इस पर 61.5 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। काम शुरू हो चुका है।

