खैरथल में खंडहर बन चुके मकानों का निरीक्षण, 8 परिवारों को नोटिस
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) राज्य सरकार के निर्देश पर नगर परिषद खैरथल शहर में खंडहरनुमा और जर्जर हो चुके भवनों का व्यापक निरीक्षण किया। आयुक्त मुकेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने गांधी चौक, परी माता मंदिर, भेरू वाली स्कूल, भक्तों का मोहल्ला, लाल किला परिसर, अंडरपास के पास क्षतिग्रस्त मकान और नूतन हलवाई की दीवार सहित कई इलाकों में भवनों की स्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान ऐसे भवन चिह्नित किए गए, जो कभी भी गिरकर जान-माल की क्षति का कारण बन सकते हैं।
निरीक्षण में पाया कि लाल किला परिसर में स्थित कुछ मकान बेहद जर्जर स्थिति में हैं। इनमें रह रहे छह परिवारों को नोटिस जारी कर मकान तुरंत खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद ने उन्हें रेन बसेरा या नजदीकी धर्मशाला में अस्थायी रूप से बसाने की तैयारी कर ली है। टीम ने अंडरपास के पास स्थित एक क्षतिग्रस्त मकान को भी जोखिमपूर्ण मानते हुए मालिक को मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
वहीं नूतन हलवाई की ओर से सड़क की ओर झुकी हुई जर्जर दीवार को हटाने का आदेश दिया गया है। नगर आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि जिन भवनों की हालत बेहद खतरनाक है, उन्हें तुरंत खाली कर गिराने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सरकारी भवनों की मरम्मत और मजबूतीकरण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। निरीक्षण टीम में कनिष्ठ अभियंता मोतीलाल वर्मा, कमलेश मोहन सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।