नकली खाद बीज बेचने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बनायेंगे- केंद्रीय कृषिमंत्री
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 11 अगस्त। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत क्लेम भुगतान कार्यक्रम का राज्य स्तरीय समारोह हवाई पट्टी झुंझनु में सोमवार को आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बटन दबाकर देशभर के किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 3200 करोड़ रूपए की बीमा क्लेम राशि जारी की। राज्य स्तरीय समारोह का जुडाव वीसी के माध्यम से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित हुआ।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य सरकार किसानों को आर्थिक संबलता प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनायें संचालित कर राहत प्रदान की जा रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने आगे कहा कि किसानों की फसलों के लिए जल उपलब्ध करवाने की दिशा में सकारात्मक कार्य कर रही है, जिससे जल्दी ही राजस्थान के किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनवरी से लेकर अब तक 11 हजार करोड़ रुपए किसानों के खातों में डाल जा चुके। फसल बर्बाद हो कभी ऐसा समय नहीं आएगा, और बर्बाद होती है तो राहत की राशि किसान के खाते में डालेंगे। किसान खूब पैदावार करें और खरीदारी का काम केंद्र और राज्य सरकार करेगी। हम नकली खाद बीज बेचने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बनाने वाले हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंच को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के लिए 1200 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की गई है। किसान देश की आत्मा, गौरव और सम्मान हैं, जो अपनी मेहनत से करोड़ों लोगों का पेट भरते हैं। कांग्रेस सरकार ने हमेशा किसानों की उपेक्षा की है। हमने पिछले साल भी एमएसपी बढ़ाई और इस बार भी बढ़ाने का काम किया। सबसे ज्यादा दामों में राजस्थान का गेहूं खरीदा गया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर कमर चौधरी, उपखण्ड अधिकारी राजीव शर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि सुरेशचंद गुप्ता, गिरधारी तिवारी, सतेन्द्र गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान मौजूद रहे।

