हर घर तिरंगा अभियान में होंगी विभिन्न गतिविधियां,14 अगस्त को रक्तदान शिविर होगा आयोजित
भरतपुर(कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 11 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव अन्तर्गत हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सोमवार को विभिन्न एनजीओ एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर राहुल सैनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उन्होंने एनजीओ एवं व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों से रक्तदान शिविर में आमजन को बढ़ चढ़ कर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने बैठक के दौरान कार्यक्रम की सफलता हेतु पूर्ण जनसहभागिता के साथ हर घर, स्वतंत्रता का, स्वच्छता के संग इस थीम के साथ तिरंगा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर चर्चा की।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत ये होंगे आयोजन
उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा जनअभियान के तहत मंगलवार को प्रातः 9.30 बजे तिरंगा प्रभात फेरी पुलिस परेड ग्राउण्ड से प्रारम्भ होकर सारस चौराहा होते हुये ट्रेफिक चौराहा, बिजलीघर चौराहा, मानसिंह सर्किल से मास्टर आदित्येन्द्र राउमावि तक निकाली जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला राउमावि खानुआं रूपवास में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सांय 5.30 बजे जिला मुख्यालय पर तिरंगा बाईक रैली कलेक्ट्रेट से बिजलीघर, चौबुर्जा, गंगा मंदिर, लक्ष्मण मंदिर से कुम्हेरगेट होते हुए हीरादास चौराहे से लोहागढ स्टेडियम स्थित शहीद स्मारक पंहुचेगी। उन्होंने बताया कि आगामी 14 अगस्त को प्रातः 9 से 5 बजे तक प्रेमगार्डन मैरिजहोम सेक्टर 3 में लगने वाले रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मानव सेवा हेतु जिलेवासियों से आयोजित रक्तदान शिविर में बढ-चढ कर भाग लेने की अपील की।