गणेशजी के मेले की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
श्री गणेश आराध्य मंडल राजगढ़ की ओर से श्री गणेश जी महाराज का भव्य आगमन समारोह एवं आगामी 27 अगस्त को भरने वाले मेले की तैयारी को अंतिम रूप देते हुए नवनिर्मित गणेश पोल के राजा के रथ का विधि- विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया।
मंदिर के महंत त्रिलोक शर्मा व पंडित अजय शर्मा ने बताया कि गणेशपोल स्थित रिद्धि सिद्धि विनायक गणेश जी के मंदिर पर 27 अगस्त को भरने वाले मेले की तैयारी को पूर्ण कर लिया गया है। रिद्धि सिद्धि विनायक गणेश जी महाराज को विराजमान करने वाले रथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर ग्यारह दिवसीय गणेश महोत्सव का आगाज हो गया। रथ पूजन कार्यक्रम के दौरान गणेश जी महाराज के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। शर्मा ने बताया कि रथ को आकर्षक रंग बिरंगी रोशनियों व आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। इससे पूर्व गणेश जी महाराज को बग्गी में विराजित कर नगर भ्रमण कराया जाता था। इस वर्ष से नवनिर्मित रथ में विराजित कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। यह केवल गणेश चतुर्थी को गणेश जी की झांकी में ही काम में लिया जाएगा।