ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित, ऑडिटोरियम और दुकानों को लेकर लिए गए अहम निर्णय
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) स्थानीय परशुराम भवन में ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक राजेश कुमार शर्मा (ठेकेदार) की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान सर्वप्रथम भगवान जगन्नाथ जी के मेले के अवसर पर समाज द्वारा लगाए गए जल मंदिर पर हुए आय-व्यय का पूर्ण ब्योरा उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखा गया। इसके पश्चात सराय बाजार स्थित चंदोबाई भवन की दुकान नंबर एक के खाली होने पर चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों ने निर्णय लिया कि अगले सप्ताह इस दुकान को समाज के ही किसी जरूरतमंद व्यक्ति को पगड़ी प्रथा के तहत अधिकतम बोली लगाने वाले को किराए पर दिया जाएगा।
बैठक में समाज के विकास एवं इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने हेतु परशुराम भवन के पीछे स्थित खाली पड़े मैदान में एक विशाल ऑडिटोरियम तथा उसके ऊपर अटैच लैट-बाथ सुविधा युक्त 6 कमरों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति व्यक्त की। इस निर्माण कार्य से जुड़े अंतिम निर्णय पर मुहर लगाने के लिए आगामी 2 अगस्त को सायं 4 बजे अगली बैठक आहूत की जाएगी।
इस अवसर पर मनोज जैमन, विपिन भारद्वाज, दिनेश शास्त्री, लाडली शरण, कमलेश शर्मा सहित समाज एवं कार्यकारिणी के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

