शिकायत के बाद 'बुल्डोजर' एक्शन: 2 घंटे में खत्म हुआ बरसों का खतरा! नगर पालिका ने ढहाया कुए पर बना जर्जर कमरा, टला बड़ा हादसा
तखतगढ़ (बरकत खान) कस्बे के नाग चौक रोड पर बायोसा मंदिर के पास स्थित जर्जर कुएं के कमरे की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। उपखंड अधिकारी (SDM) के सख्त निर्देशन में नगर पालिका की टीम ने महज दो घंटे के भीतर हरकत में आकर इस बेहद खतरनाक और जर्जर ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया है।
अधिशासी अधिकारी ने दिखाई गंभीरता, मौके पर पहुंची टीम
जर्जर ढांचे से हादसे की आशंका की खबर मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) मगराज चौधरी ने मामले को अत्यंत संवेदनशील माना। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल पालिका प्रशासनिक अधिकारी रतन साखला और पालिका कार्मिकों की टीम को जेसीबी मशीन के साथ मौके पर भेजा। टीम ने बिना देरी किए तालाब किनारे कुएं के पास बनी जर्जर दीवारों और शेष ढांचे को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से गिरवा दिया और वहां से मलबा भी साफ करवाया।
मासूम बच्चों और पशुओं पर मंडरा रहा था खतरा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मुख्य मार्ग, तालाब किनारे और बायोसा मंदिर के समीप होने के कारण यहां छोटे बच्चों का लगातार आना-जाना लगा रहता था। कई बार बच्चे इस जर्जर कमरे के पास ही खेलते नजर आते थे, जिससे हर वक्त अनहोनी का डर सताता रहता था। इसके अलावा पास ही बने आवाड़े पर पानी पीने आने वाले बेजुबान पशुओं की जान भी दांव पर लगी थी। खतरनाक दीवारों के हटने के बाद अब क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
मगराज चौधरी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका तखतगढ़ "जैसे ही हमें इस अत्यंत जर्जर और खतरनाक ढांचे की सूचना मिली, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जेसीबी की मदद से ढांचे को ढहाकर मलबा साफ करवा दिया गया है ताकि जनता और मूक पशु सुरक्षित रह सकें।" —
नगरवासियों ने जताया पालिका प्रशासन का आभार
प्रशासन की इस अभूतपूर्व और एक्सप्रेस स्पीड से हुई कार्रवाई को देखकर कस्बे के लोग बेहद खुश हैं। वार्ड वासियों और स्थानीय जागरूक नागरिकों ने उपखंड अधिकारी, पालिका ईओ मगराज चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी रतन साखला व पूरी टीम का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि अगर हर जनसमस्या पर प्रशासन इसी तरह तत्परता दिखाए, तो कई बड़े हादसों को समय रहते रोका जा सकता है।


