: राजगढ़ में 172वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 16 जुलाई को; तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

May 31, 2026 - 15:03
 0
: राजगढ़ में 172वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 16 जुलाई को; तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) कस्बे के ऐतिहासिक चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से निकलने वाली आगामी 172वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियाँ जगन्नाथ मेला कमेटी की ओर से युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। इस वर्ष अधिक मास (मलमास) होने के कारण यह भव्य रथयात्रा जुलाई माह में आयोजित की जा रही है।

  • 29 जून को होगा 108 कलशों से महाअभिषेक:

श्री जगन्नाथ मंदिर के महंत पंडित मदन मोहन शास्त्री ने धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि रथयात्रा से पूर्व 29 जून 2026 को भगवान जगन्नाथ जी महाराज का 108 जल कलशों और पंचामृत से विधि-विधान पूर्वक महाअभिषेक कराया जाएगा। अभिषेक के उपरांत प्रभु 15 दिनों के लिए गर्भगृह (एकांतवास) में विराजमान रहेंगे।

  • 15 जुलाई को माता जानकी की सवारी और 16 को रथयात्रा:

आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा, 15 जुलाई 2026 को महाप्रभु जगन्नाथ गर्भगृह से बाहर आकर भक्तों को दर्शन देंगे। इसी दिन सायंकाल चौपड़ बाजार स्थित मंदिर से माता जानकी की भव्य सवारी निकाली जाएगी, जो कस्बे के प्रमुख बाजारों से होती हुई मेला स्थल गंगा बाग स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी, जहाँ मंदिर व गणेश पूजन किया जाएगा।

अगले दिन, 16 जुलाई 2026 को मुख्य रथयात्रा का आयोजन होगा। भगवान जगन्नाथ गरुडरूप रथ विमान पर विराजमान होकर चौपड़ बाजार से नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मुख्य बाजारों से होती हुई यह रथयात्रा गंगा बाग स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी, जिसके साथ ही यहाँ सात दिवसीय प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मेले का भव्य आगाज होगा। मेला कमेटी द्वारा रथयात्रा मार्ग और मेला परिसर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................