जिला कारागार में प्रशासन और पुलिस का औचक निरीक्षण; 266 बंदियों की हुई गहन तलाशी
करौली जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने रविवार को करौली जिला कारागार (जेल) का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं और अनुशासन का जायजा लिया। इस दौरान जेल की बैरकों, भोजनशाला सहित पूरी जेल परिसर की सघन चेकिंग की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करौली उपखंड अधिकारी (SDM) प्रेमराज मीणा और पुलिस उप अधीक्षक (DySP) करौली के नेतृत्व में रविवार को प्रशासनिक और पुलिस टीम अचानक जिला कारागार पहुंची। इस औचक कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना करौली एवं थाना सदर करौली का भारी पुलिस जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार के चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच की। टीम ने बंदियों के रहने की बैरकों, उनके लिए बनने वाले भोजन की भोजनशाला और जेल की बाहरी व आंतरिक सुरक्षा दीवारों का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान जेल में निरुद्ध सभी 266 बंदियों को कतार में खड़ा कर उनकी व्यक्तिगत तलाशी और सामान की जांच की गई। पुलिस और प्रशासन की सजगता के चलते पूरी चेकिंग के दौरान किसी भी बंदी के पास से मोबाइल, नशीले पदार्थ या अन्य कोई भी प्रतिबंधित व आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
निरीक्षण के अंत में उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीणा और पुलिस उप अधीक्षक ने जेल प्रशासन को कारागार के भीतर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक कड़ा करने तथा बंदियों के बीच कड़ा अनुशासन बनाए रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जेल की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की यह औचक निरीक्षण की कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


