महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस की हल्ला बोल महारैली 1 जून को; केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सौंपेंगे ज्ञापन
सुमेरपुर (बरकत खान) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश में बढ़ती अभूतपूर्व महंगाई, पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि तथा नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण के विरोध में सोमवार को सुमेरपुर में कांग्रेस की ओर से एक विशाल 'हल्ला बोल' महारैली, धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह व्यापक विरोध प्रदर्शन सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिशंकर मेवाड़ा की अध्यक्षता एवं विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं दोनों नगर कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस महारैली की रूपरेखा तय कर दी गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह 9:00 बजे शास्त्री सर्कल स्थित आर्य समाज स्कूल से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गगनभेदी नारों के साथ महारैली का आगाज करेंगे। यह रैली भेरू चौक रोड से होते हुए सुमेरपुर उपखंड कार्यालय पहुंचेगी, जहां कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर कांग्रेस द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान एक जनसभा का भी आयोजन होगा, जिसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता संबोधित करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण ने देश के लाखों होनहार युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। नेताओं ने कहा कि यह युवाओं के सपनों के साथ सरासर खिलवाड़ है, जिसके लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं। इसके साथ ही पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों ने आम नागरिक की कमर तोड़कर रख दी है और उन पर भारी आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है। इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएगी।
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी (SDM) को तथा नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक उच्च स्तरीय ज्ञापन सौंपेगा। ब्लॉक अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा एवं नगर अध्यक्ष फुटरमल सुथार ने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं, पार्षदों और आमजन से इस जन-आंदोलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया है।


