धौलागढ़ देवी थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी; एनडीपीएस एक्ट मामले में एक वर्ष से फरार 2 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार
कठूमर (दिनेश लेखी)। धौलागढ़ देवी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे 2 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
जिला पुलिस अधीक्षक अलवर सुनील चौधरी (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी एवं वृत्ताधिकारी कठूमर राजेश विद्यार्थी के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना धौलागढ़ देवी के थानाधिकारी रामजीलाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रमोद पुत्र संतोष ब्राह्मण 25 वर्ष निवासी पिठेकड़ा का बास, भनोखर, थाना धोलागढ़ देवी को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी रामजीलाल ने बताया कि आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में वांछित चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने लगातार निगरानी एवं सूचना संकलन के आधार पर आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। उन्होने बताया कि वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है तथा ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में शामिल हैड कांस्टेबल लोकेश, कांस्टेबल सुरेश, सुखराम, बच्चन सिंह मौजूद थे।


