बैरेर गांव में तेंदुए का आतंक: कुत्ते को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। रैणी उपखंड क्षेत्र के ग्राम बैरेर में तेंदुए के खुले भ्रमण से ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त है। आबादी क्षेत्र में तेंदुए की आमद से ग्रामीण रात-दिन खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर घने जंगल में छोड़ने की गुहार लगाई है।
ग्रामीण रमेश चंद जांगिड़ ने बताया कि बीती रात तेंदुए ने गांव में घुसकर एक पालतू कुत्ते को अपना निवाला बना लिया। इसके बाद तेंदुए ने दूसरे कुत्ते पर हमला कर उसकी गर्दन को दांतों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्तों के भौंकने और ग्रामीणों के जाग जाने के कारण मचे शोर-शराबे से घबराकर तेंदुआ पास की पहाड़ियों की ओर भाग निकला।
- पिंजरा लगाने की मांग, रतजगा करने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ियों से सटा होने के कारण वन्यजीव अक्सर खाने-पानी की तलाश में आबादी क्षेत्र का रुख कर लेते हैं। तेंदुए के इस ताजा हमले के बाद से ग्रामीणों में अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग रात के समय लाठी-डंडे लेकर ठीकरी पहरा (रतजगा) देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित इलाके में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए ताकि किसी बड़ी जनहानि को रोका जा सके।


