भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल ने अंता विधानसभा उपचुनाव में मिली हार पर समीक्षा बैठक की मांग
अंता (शफीक मंसूरी ) अंता विधानसभा उपचुनाव के हाल ही में घोषित परिणामों में भाजपा को मिली हार को गंभीरता से लेते हुए भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल ने संगठन स्तर पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित करने की मांग की है।
खंडेलवाल ने कहा कि— “अंता भाजपा संगठन ने अपनी पूर्ण निष्ठा से कार्य किया, परंतु उपचुनाव के परिणामों ने कई महत्वपूर्ण प्रश्न खड़े किए हैं। हार के वास्तविक कारणों, संगठनात्मक स्तर की कमियों, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा प्रचार-रणनीति की कमजोरियों पर गंभीर मंथन आवश्यक है। बिना समीक्षा के आगामी चुनावों में सुधार संभव नहीं है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से आग्रह किया है कि अंता उपचुनाव के पूरे अभियान की विस्तृत समीक्षा की जाए। प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र, एवं बूथ स्तर से कार्यकर्ताओं के सुझाव लिए जाएँ।
संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल शुरू किए जाएँ। खंडेलवाल ने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखना और भविष्य की रणनीति तय करना ही वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।