पति ने हथौड़े से वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार; रक्षाबंधन से एक दिन पहले दी थी जान से मारने की धमकी, पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बावड़ी (जोधपुर/निसार गौरी) करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव में 29 अगस्त की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने सोते समय अपनी पत्नी के सिर पर हथौड़े से जानलेवा वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतका के भाई की शिकायत पर करवड़ थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी पति दिनेश भील को गिरफ्तार कर लिया है।
करवड़ थानाधिकारी परमेश्वरी के अनुसार, मृतका की पहचान उजलिया निवासी गुड्डी (पत्नी दिनेश भील) के रूप में हुई है। मृतका के भाई महेंद्र भील ने 30 अगस्त को थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि गुड्डी की शादी करीब 15 साल पहले दिनेश से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपी आए दिन उसके साथ मारपीट करता था।
मायके जाने की बात पर दी थी धमकी
रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षाबंधन से एक दिन पहले 27 अगस्त को गुड्डी ने अपनी मां को फोन कर राखी लेकर मायके आने की बात कही थी। उसी दौरान पास खड़े दिनेश ने धमकी देते हुए कहा था, ‘कल जिंदा रहेगी तो राखी लेकर जाएगी।’ इसके दो दिन बाद, 29 अगस्त की रात करीब 11:35 बजे आरोपी के भाई गणपत ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी कि दिनेश ने सो रही गुड्डी पर हथौड़े से हमला कर दिया है। अगली सुबह जब मायके पक्ष के लोग पहुंचे, तब तक गुड्डी दम तोड़ चुकी थी।
पहले भी तलवार लेकर दौड़ा था आरोपी
परिजनों ने बताया कि दिनेश पहले भी गुड्डी पर तलवार से हमला करने की कोशिश कर चुका था, तब ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ था और आरोपी ने माफी मांगी थी। मृतका अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

