मकराना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विशाल पथ संचलन: घोष की धुन पर कदमताल मिलाते निकले स्वयंसेवक, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

Oct 18, 2026 - 16:52
 0
मकराना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विशाल पथ संचलन: घोष की धुन पर कदमताल मिलाते निकले स्वयंसेवक, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस मकराना द्वारा नगर में पूर्ण अनुशासन और गरिमामय वातावरण के बीच विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। संचलन में सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाते हुए सहभागिता की और राष्ट्रभक्ति व सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पथ संचलन का शुभारंभ राजकीय सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल से हुआ। संचलन शुरू होने से पूर्व स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ, जहां विधिवत शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण किया गया। इसके उपरांत घोष की तालबद्ध धुन और सीटी के संकेत पर स्वयंसेवक कतारबद्ध होकर कदमताल करते हुए नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए। आयोजन के निर्धारित मार्ग के अनुसार, संचलन सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर मालियों का मोहल्ला, लक्ष्मी मिष्ठान भंडार होते हुए जय शिव चौक पहुंचा। इसके बाद संचलन रेलवे स्टेशन चौक और सिनेमा गली से होते हुए पुनः जय शिव चौक पर आया। यहां से स्वयंसेवक पाबूजी का चबूतरा, खाती टीबा, विजय पैलेस और चारभुजा मंदिर रोड से गुजरे। इसके पश्चात संचलन पुनः पाबूजी का चबूतरा व लक्ष्मी मिष्ठान भंडार होते हुए गौड़ाबास की ओर बढ़ा। आगे बढ़ते हुए संचलन बाईपास तिराहा, गहलोत कॉलोनी के सामने, डॉ. ए. के. शर्मा के सामने और सरकारी हॉस्पिटल मार्ग से गुजरा। अंत में संचलन पुनः राजकीय सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर विधिवत रूप से संपन्न हुआ।

पथ संचलन के पूरे यात्रा मार्ग पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी उत्साह देखने को मिला। नगरवासियों द्वारा जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए थे। जैसे ही संचलन मुख्य बाजारों और बस्तियों से गुजरा, मातृशक्ति और प्रबुद्ध नागरिकों ने छतों व सड़क किनारे से स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पूर्ण गणवेश सफेद कमीज, भूरी पेंट, काली टोपी, बेल्ट, मोजे व जूते में हाथ में दंड थामे स्वयंसेवकों का अनुशासन देखते ही बनता था। घोष दल द्वारा बजाई जा रही विभिन्न वाद्य धुनों पर सभी स्वयंसेवक एकरूपता और सटीक तालमेल के साथ आगे बढ़ रहे थे, जिससे संपूर्ण मार्ग राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया। मापन स्थल पर पहुंचे संचलन के बाद संघ के वक्ताओं ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने राष्ट्र सेवा, संगठित समाज निर्माण, सामाजिक समरसता और चरित्र निर्माण पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक संघ प्रार्थना के साथ इस विशाल पथ संचलन का समापन हुआ। इस दौरान व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस व प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................