महंगाई से आमजन बेहाल, बिजली-पानी की समस्याओं पर सरकार मौन : मेवाड़ा
नीट पेपर लीक, कमरतोड़ महंगाई और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का 'हल्ला बोल'
पाली में गांधी पेट्रोल पंप से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली; केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला
पाली, (बरकत खान) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार देश और राज्य में बढ़ती महंगाई, नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों और सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय जनसमस्याओं के विरोध में मंगलवार को पाली देहात ब्लॉक कांग्रेस की ओर से एक विशाल 'हल्ला बोल' रैली का आयोजन किया गया। सुमेरपुर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा के नेतृत्व, विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद की विशेष उपस्थिति तथा ब्लॉक अध्यक्ष गणेश चौधरी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अर्थी निकालकर उनका पुतला फूंका।
- नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन:
मंगलवार सुबह 10 बजे से ही जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में गांधी पेट्रोल पंप पर एकत्रित होना शुरू हुए। वहां से कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निंबाड़ा, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन हटेला और खेलकूद प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश बारोलिया की अगुवानी में गगनभेदी नारों के साथ 'हल्ला बोल' रैली कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुई। रैली के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए ‘नीट का पेपर कहां मिलेगा-बीजेपी के बाड़े में’, ‘महंगाई कहां मिलेगी-बीजेपी के बाड़े में’ और ‘बिजली-पानी दे ना सकी, वह सरकार बदलनी है’ जैसे तीखे नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर नीट परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तुरंत पद से हटाने तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
- सुमेरपुर में बिजली, पानी और सड़कों की स्थिति बेहद चिंताजनक: हरिशंकर मेवाड़ा
कलेक्ट्रेट पर आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता हरिशंकर मेवाड़ा ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा, "आज देश का आम नागरिक कमरतोड़ महंगाई की मार से त्रस्त है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों ने हर परिवार का बजट बिगाड़ दिया है। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है।"
मेवाड़ा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती से किसान और आम उपभोक्ता बेहाल हैं। गांवों में पेयजल का गंभीर संकट गहराया हुआ है। सरकार केवल आश्वासनों से जनता को गुमराह करना बंद करे। यदि बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा संबंधी क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए उग्र आंदोलन करेगी।
- युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही केंद्र सरकार: मकसूद अहमद
विधानसभा सुमेरपुर प्रभारी मकसूद अहमद ने सभा में कहा कि भाजपा राज में देश के होनहार युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब रहा है। देश की सबसे प्रतिष्ठित नीट (NEET-2026) जैसी परीक्षा का पेपर लीक होना सीधे तौर पर केंद्र सरकार की प्रशासनिक विफलता और घोर लापरवाही का प्रमाण है। कांग्रेस मांग करती है कि इस पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच हो और लाखों छात्रों के भविष्य से खेलने वाले दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
- रैली और प्रदर्शन में ये प्रमुख नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद:
इस विशाल जन-प्रदर्शन में सुमेरपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, फुटरमल, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष महेश जोशी, पूर्व उपप्रधान नारायणलाल मेघवाल, गुलाब सिंह गिरवर, यशपाल सिंह कुम्पावत, अरुण पांडे, ललित बामनिया, मुलसिंह कुम्पावत, आमीन अली रंगरेज, इंद्र सिंह राजपुरोहित, मंडल अध्यक्ष हरिप्रसाद मीणा, मानसिंह रामनगर, भगताराम देवासी, प्रमोद बारोलिया, रणछोड़ रावल, कानाराम सुथार, यंग ब्रिगेड सेवादल अध्यक्ष एडवोकेट गिरधारीलाल मीणा, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष फिरोज मोयला सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।


