7 बार विधायक रहे राजा मानसिंह की 41वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
डीग / नीरज जैन 21 फरवरी। राजस्थान विधानसभा में सात बार निर्दलीय विधायक रहे तथा भरतपुर राजपरिवार के सदस्य स्वर्गीय राजा मानसिंह की 41वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को डीग शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित उनके शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजपरिवार के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
पंडित पुनीत शांडिल्य के मंत्रोच्चारण के बीच स्व राजा मानसिंह की पुत्री एवं पूर्व मंत्री कृष्णेंद्र कौर ‘दीपा’, काका रघुराज सिंह, कुंवर दीपराज सिंह एवं कुंवर विजय सिंह ने शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्थल को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया।
इस दौरान सतीश तमौलिया, मास्टर चंद्रपाल सिंह, लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे खेमचंद कोली, मेवाराम पटवारी, मनीष तमौलिया, पूर्व सरपंच बच्चू सिंह पास्ता, पूरन सिंह,सौरभ तमौलिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गौरतलब है कि 21 फरवरी 1986 को डीग में कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार के आए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर को लेकर आए हैलीकॉप्टर से स्वर्गीय राजा मानसिंह के विपिन कैरियर की कथित भिड़ंत की घटना के बाद पुरानी अनाज मंडी में पुलिस द्धारा उन्हें रोके जाने के दौरान लगी गोली से राजा मानसिंह का निधन हो गया था। उनके योगदान और व्यक्तित्व को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें आम आदमी और किसानों का सच्चा हमदर्द और जननायक बताया।