77वें गणतंत्र दिवस पर गोविन्दगढ़ में प्रशिक्षु IAS ऐश्वर्यम प्रजापति ने फहराया तिरंगा, 42 प्रतिभाएं सम्मानित
गोविन्दगढ़ (अलवर) उपखण्ड मुख्यालय सहित क्षेत्रभर में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य उपखण्ड स्तरीय समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहाँ प्रशिक्षु IAS एवं उपखण्ड अधिकारी ऐश्वर्यम प्रजापति ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया।
विभिन्न कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण - गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपखण्ड के सभी सरकारी कार्यालयों में तिरंगा शान से फहराया गया।
- उपखण्ड कार्यालय: प्रशिक्षु IAS ऐश्वर्यम प्रजापति
- मुंसिफ कोर्ट: न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतू गुप्ता
- पंचायत समिति: प्रधान रसनम गोपाल चौधरी
- पुलिस थाना: थानाधिकारी धर्मसिंह
- CBEO कार्यालय: मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विश्वजीत सिंह
- नगरपालिका: प्रशासक व SDM ऐश्वर्यम प्रजापति
- CHC गोविन्दगढ़: शिवकांत शर्मा और इसके अलावा क्षेत्र के समस्त शिक्षण संस्थानों में संस्था प्रधानों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक छटा
समारोह के दौरान प्रशासन द्वारा एक नई पहल देखने को मिली। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 42 सरकारी कर्मचारियों व समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष आकर्षण का केंद्र वे विद्यार्थी रहे जिन्होंने राज्य व जिला स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जिन्हें पहली बार उपखण्ड स्तर पर सम्मानित किया गया।
हालांकि, गणतंत्र दिवस समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन की उपस्थिति कम रही, लेकिन युवा वर्ग में उत्साह देखा गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक और देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक पीटी प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।