राजस्थान महिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक, संगठन को मजबूत करने और महिला अधिकारों पर चर्चा हुई
जयपुर (राजस्थान) जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (पीसीसी) में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी नूरी खान, राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी दीप्ति सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई।
नगर परिषद की पूर्व सभापति एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी ने बताया कि बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्ययोजनाओं तथा महिला अधिकारों की रक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कमलेश सैनी को अलवर जिला महिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष के पद पर लगातार चौथी बार नियुक्ति पत्र सौंपा गया। वह 8 सितंबर 2016 से इस पद पर कार्यरत हैं।
महिला कांग्रेस ने संकल्प लिया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक मजबूती के साथ संघर्ष किया जाएगा। साथ ही, हर स्तर पर जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।
कमलेश सैनी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित शीर्ष नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव नूरी खान, राष्ट्रीय सचिव दीप्ति सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह, रचना समलेती, ममता वशिष्ठ, संगीता गर्ग, जिला महिला कांग्रेस कमेटी अलवर जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी और प्रदेश महासचिव विमला शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला कांग्रेस ने एकजुट होकर प्रदेश की जनता की आवाज बनने और नारी शक्ति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।