मंडी में चुनावी घमासान शुरू, अध्यक्ष पद पर दो दिग्गज आमने-सामने
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखने वाली खैरथल अनाज मंडी इन दिनों चुनावी हलचल से गुलजार है। व्यापार समिति के अध्यक्ष पद को लेकर माहौल पूरी तरह सियासी रंग में रंग चुका है। मंडी परिसर में रणनीति, बैठकों और समर्थन जुटाने की कवायद तेज हो गई है।
अध्यक्ष पद की दौड़ में पिछले चुनाव के दोनों दावेदार सर्वेश गुप्ता और दीनदयाल गुप्ता एक बार फिर आमने-सामने माने जा रहे हैं। दोनों खेमे अपने समर्थकों को एकजुट करने में जुटे हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। व्यापारी वर्ग में भी इस बार कड़ा संघर्ष होने की चर्चा है। बुधवार को मंडी के सभा कक्ष में सभी व्यापारियों की अहम बैठक बुलाई गई है। इसमें सर्वसम्मति से चुनाव अधिकारी व उनकी टीम का गठन किया जाएगा। साथ ही मतदान की तिथि की औपचारिक घोषणा भी संभावित है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया गया है। इधर, बाहरी व्यापारियों की मतदान में भागीदारी को लेकर बना असमंजस भी चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर विचार-विमर्श जारी है, ताकि किसी प्रकार का विवाद न रहे और सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। प्रतिष्ठा और प्रभाव से जुड़े इस पद के लिए मुकाबला कांटे का माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें बुधवार की बैठक और घोषित होने वाली चुनाव तिथि पर टिकी हैं।