रामगढ़ विधायक ने अलवर को संभाग बनाने की रखी मांग: सामाज की सुविधाओं का मुद्दा उठाया, बोले-मुख्यधारा में जोड़ा जाए
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने अपने क्षेत्र और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने सदन में क्षेत्रीय विकास और सामाजिक न्याय से संबंधित विषयों पर अपनी बात रखी।
- सामाज की सुविधाओं का मुद्दा उठाया
विधायक ने ओढ़ और रायसिख समाज की लंबे समय से चली आ रही सामाजिक व आर्थिक समस्याओं की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि यह समाज कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहा है और आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। विधायक ने मांग की कि ओढ़ व रायसिख समाज को अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल किया जाए, ताकि उन्हें शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और वे मुख्यधारा से जुड़ सकें।
- अलवर को संभाग बनाने की मांग
विधायक सुखवंत सिंह ने अलवर जिले को संभाग का दर्जा दिए जाने की भी पुरजोर मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि पुराना अलवर जिला सभी निर्धारित मापदंडों को पूरा करता है और इसे संभाग बनाए जाने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
- अस्पताल और सड़क लिए सरकार का दिया धन्यवाद
विधायक सुखवंत सिंह ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने रामगढ़ में उप जिला अस्पताल की स्वीकृति, गोविंदगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड क्षमता में वृद्धि और पिछले बजट में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 97 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों को मंजूरी देने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया। इन योजनाओं से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क संपर्क में सुधार होगा।


