विधायक मीणा बोले: "जांगिड़ समाज प्रदेश की शिल्प परंपरा और सृजनशीलता का सशक्त प्रतीक, हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध
जयपुर/महुवा (अवधेश अवस्थी)
महुवा विधायक राजेंद्र मीणा के जयपुर स्थित आवास पर अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम शर्मा 'पवार' के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने विधायक का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक में जांगिड़ समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सदन में गूंजी भगवान विश्वकर्मा जयंती की मांग: मुलाकात के दौरान विधायक राजेंद्र मीणा ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग मजबूती से उठाई है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीकी कौशल के आराध्य हैं। यह मांग जांगिड़ ब्राह्मण समाज सहित समस्त शिल्पकार समुदाय की गहरी आस्था और सम्मान से जुड़ी है।
विधायक का संबोधन: प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए विधायक मीणा ने कहा, "जांगिड़ ब्राह्मण समाज ने अपनी मेहनत और कौशल से न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में विशिष्ट पहचान बनाई है। समाज के उत्थान, शिक्षा के विस्तार और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए मेरा हरसंभव सहयोग बना रहेगा।" उन्होंने आश्वस्त किया कि वे सदन में सर्व समाज के मान-सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को निरंतर उठाते रहेंगे।
समाज ने व्यक्त किया आभार: प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम शर्मा पवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने विधायक द्वारा समाज की मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से रखने पर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य जन उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज के गौरव और हितों की रक्षा के लिए विधायक के संकल्प की सराहना की।


