आरओबी निर्माण कार्य के चलते LC-86 अस्थायी रूप से बंद; जिले में निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव
खैरथल (हीरालाल भूरानी) जिला प्रशासन द्वारा आमजन को सूचित किया जाता है कि सोडावास-नूह SH-108 सड़क मार्ग पर स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या 86 (LC-86) पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। यह कार्य रेलवे विभाग की देखरेख में लोक निर्माण विभाग (PWD), खैरथल द्वारा कराया जा रहा है।
आरओबी के रेलवे हिस्से में पाइलिंग (नींव) कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। पाइलिंग के दौरान रेलवे सीमा क्षेत्र में भारी मशीनरी का संचालन एवं गहरी खुदाई की जाएगी। निर्माण कार्य की प्रकृति को देखते हुए आमजन एवं कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु लेवल क्रॉसिंग संख्या 86 को अस्थायी रूप से सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा।
इस संबंध में पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि यातायात के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सके।
सभी नागरिकों से अनुरोध है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें।


