मलेशियाई सर्वर का झांसा देकर 244 लोगों को लूटा: श्याम नगर पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार, विदेशी करेंसी बरामद

Mar 9, 2026 - 18:00
Mar 9, 2026 - 18:09
 0
मलेशियाई सर्वर का झांसा देकर 244 लोगों को लूटा: श्याम नगर पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार, विदेशी करेंसी बरामद

जयपुर। राजधानी की श्याम नगर थाना पुलिस ने सोमवार को एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मलेशिया में बिटकॉइन माइनिंग सर्वर होने का फर्जी वीडियो दिखाकर लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देता था। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने करीब 244 लोगों को अपना शिकार बनाकर 10 करोड़ रुपये की ठगी की है।

विदेशी करेंसी और मशीनें बरामद

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शर्मा (29), जितेंद्र सिंह (46) और चमन सिंह (52) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, 4 मोबाइल, एक करेंसी काउंटिंग मशीन और मलेशियाई रिन्गिट व यूएई के दिरहम बरामद किए हैं।

ऐसे बिछाते थे जाल

ठगी का शिकार हुए पंचशील कॉलोनी निवासी दिलीप सिंह राजावत ने मामला दर्ज कराया था। आरोपियों ने 'bitmine.world' नामक कंपनी के जरिए मल्टी-लेवल मार्केटिंग प्लान समझाया और निवेश पर 16 प्रतिशत मासिक रिटर्न का दावा किया। भरोसा जीतने के लिए इन्होंने खुद के निवेश के फर्जी सबूत दिखाए और नए मेंबर जोड़ने पर 'रेफरल बोनस' का प्रलोभन भी दिया। पीड़ित ने इनकी बातों में आकर 2.27 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन जब मुनाफा नहीं मिला और पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने हाथ खड़े कर दिए।

बैंगलोर से जुड़ा है गैंग का कनेक्शन

एसएचओ दलबीर सिंह और साइबर सेल की टीम ने जब तकनीकी विश्लेषण किया, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड अविनाश शर्मा नकद राशि लेकर उसे USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में बदलता था और फिर उसे मलेशिया भेज देता था। इस गैंग के तार बैंगलोर के यूनुस खान और दिनेश पाराशर से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस को अविनाश की आईडी में करीब 1.98 करोड़ डॉलर के संदिग्ध लेनदेन के प्रमाण मिले हैं।

पोर्टल पर दर्ज थीं 7 शिकायतें

जैसे ही पुलिस ने जांच शुरू की, शातिरों ने पकड़े जाने के डर से सर्वर डाउन कर दिया और निवेशकों को लॉग-आउट कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गैंग द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर पोर्टल पर पहले से ही 7 शिकायतें दर्ज थीं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और ठगी गई रकम की रिकवरी के प्रयास कर रही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................