पहले टेका माथा, चढ़ाया प्रसाद... फिर उड़ाया दानपात्र,खाटू श्याम मंदिर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)
कस्बे के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज़ कुछ ही समय में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कालबेलिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा चोरी करने का अनोखा और ढोंगी तरीका पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले आस्था का नाटक, फिर उड़ाया कैश
थानाधिकारी दयाराम चौधरी के अनुसार, मंदिर समिति ने दानपात्र से नकदी गायब होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो आरोपी का तरीका देखकर हर कोई हैरान रह गया। आरोपी सुरेश मंदिर में एक आम भक्त की तरह दाखिल हुआ, पहले भगवान के सामने सिर झुकाकर प्रसाद चढ़ाया और जैसे ही मौका मिला, दानपात्र में रखी पूरी नकदी साफ करके रफूचक्कर हो गया।
पूछताछ में खुला कबाड़ी की दुकान में चोरी का राज
पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी टूट गया और उसने मंदिर के अलावा एक और चोरी का गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि जिस 'सतू कबाड़ी' के यहाँ वह अक्सर कबाड़ बेचने जाता था, उसी की दुकान से उसने मौका पाकर 35 किलो तांबा पार कर दिया था।
बरामदगी और अदालती कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा 35 किलो तांबा बरामद कर लिया है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
घटना का इतनी तेज़ी से खुलासा करने पर स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति ने जहाजपुर पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की है।

