स्वर्णकार समाज ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन, अपहरण, फिरौती के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। पुलिस थाना मकराना में दर्ज अपहरण, फिरौती के मामले में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज स्वर्णकार समाज ने अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन को एस पी के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने और पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे पीडि़त परिवार में असुरक्षा और समाज में रोष का माहौल है। ज्ञापन में कहा गया कि प्रकरण में अपहरण, फिरौती और शारीरिक प्रताड़ना जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। इसके बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। समाज का कहना है कि पीड़ित पक्ष के पास वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हैं, फिर भी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई। स्वर्णकार समाज ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आरोपियों की ओर से लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो स्वर्णकार समाज आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में स्वर्णकार समाज, डीडवाना कुचामन जिला अध्यक्ष महावीर प्रसाद जाटावत, अजय रतन सोनी, दामोदर सोनी खेड़ा वाले, सुभाष सोनी, बलजीत जाटावत, पंकज सोनी खुनखुणा, प्रकाश सोनी छोटी खाटू, रामेश्वर लाल कड़ेल डीडवाना, दामोदर सोनी, निवर्तमान वार्ड पार्षद बोरावड़ सुनील सोनी, चेतन सोनी, राजु सोनी, रवि सोनी, गोपाल, गोपाल सोनी, महेश सोनी, राकेश सोनी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

