तखतगढ़ मे रॉन्ग साइड से आई स्विफ्ट ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर; पुलिस जांच में जुटी
तखतगढ़ (बरकत खान) तखतगढ़ स्थित हाईवे 325 पर चौराहे के पास गत 28 जुलाई की देर रात 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले को लेकर मृतक के पुत्र मोहम्मद शाहरूख नियागर ने तखतगढ़ थाने में आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
चौराहे की ओर जा रहे थे बाइक सवार
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 28 जुलाई की रात करीब 10 बजे अब्दुल हमीद (पुत्र ताज मोहम्मद नियागर) अपने साथी प्रतापराम मीना के साथ मोटरसाइकिल से चौराहे की तरफ जा रहे थे। हाईवे 325 चौराहे से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रही स्विफ्ट कार (नंबर RJ 24 CA 3011) के चालक जहीर खान ने वाहन को तेज गति व लापरवाही से गलत दिशा में दौड़ाते हुए बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
सुमेरपुर किया गया रेफर
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अब्दुल हमीद को मृत घोषित कर दिया, वहीं प्रतापराम मीना की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुमेरपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपी चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
घटना के बाद आरोपी चालक जहीर खान कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर तखतगढ़ थाने में रखवाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

