दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: अंडरपास में गिरा मिर्च से भरा ट्रक, एक की मौत, दूसरा गंभीर
सवाई माधोपुर (राजस्थान) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ भगवतगढ़ के पास त्रिलोकपुरा अंडरपास में मिर्च से भरा एक केंटर ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में ट्रक में सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक और घायल दोनों महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
सुबह 6 बजे हुआ हादसा, मची चीख-पुकार भगवतगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 270.5 पर एक केंटर अंडरपास में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी जमा हो गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी (JCB) मशीन बुलाई और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केंटर को अंडरपास से हटवाकर रास्ता साफ कराया।
परिजनों के आने पर होगा पोस्टमॉर्टम पुलिस ने बताया कि मृतक सोनू शेख के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। हादसे की सूचना महाराष्ट्र में उनके परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के सवाई माधोपुर पहुँचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया जाएगा।
जलगांव के रहने वाले हैं दोनों युवक पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सोनू शेख (24), पुत्र आरिफ, निवासी जलगांव (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। वहीं, ट्रक में सवार दूसरा युवक अयान, निवासी जलगांव, गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल अयान को तुरंत जिला अस्पताल सवाई माधोपुर में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किस वजह से हुआ (ड्राइवर को नींद की झपकी आना या कोई तकनीकी खराबी), इसकी गहनता से जाँच की जा रही है।


