ई-20 ईंधन नीति के खिलाफ टीम भारत का नया अभियान, 31 जुलाई को दिल्ली में ‘गाड़ी मार्च-गांधी मार्च’ का ऐलान
नई दिल्ली, (शशि जायसवाल) नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए आंदोलन के बाद अब टीम भारत के संस्थापक तहसीन पूनावाला ने ई-20 ईंधन नीति के विरोध में नया अभियान शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने 31 जुलाई को दिल्ली में ‘गाड़ी मार्च-गांधी मार्च’ निकालने का ऐलान करते हुए केंद्र सरकार से ई-20 नीति की समीक्षा और इसमें आवश्यक बदलाव की मांग की।
पूनावाला ने बताया कि प्रस्तावित मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर संसद मार्ग तक जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के कार्यालय और आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपनी कार और बाइक के साथ आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने आरोप लगाया कि ई-20 नीति को सही तरीके से लागू नहीं किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में वाहन मालिक प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार उपभोक्ताओं को अपनी आवश्यकता के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प मिलना चाहिए और नीति से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
पूनावाला ने दावा किया कि यदि नीति में आवश्यक सुधार किए जाएं तो लोगों को 80 से 90 रुपये प्रति लीटर की दर पर शुद्ध (ई-0) पेट्रोल उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल ईंधन की कीमतों का नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के अधिकार, विकल्प और पारदर्शिता का भी मुद्दा है।
उन्होंने अपनी प्रमुख मांगों में ई-10 वाहनों के लिए ई-10 पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ई-20 पेट्रोल की कीमतों में कमी, शुद्ध (ई-0) पेट्रोल को सस्ता करने, ई-20 नीति से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने तथा वर्ष 2023 से पहले निर्मित उन वाहनों के लिए समाधान की मांग शामिल की, जिन पर ई-20 मिश्रित पेट्रोल का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसके अलावा तहसीन पूनावाला ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर एथेनॉल से जुड़े मामलों में हितों के टकराव का आरोप भी लगाया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस आरोप पर केंद्रीय मंत्री या संबंधित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

