गोविंदगढ़; कमरे में खेल रहे 11 वर्षीय मासूम को सांप ने काटा, गंभीर हालत में अलवर रैफर
गोविंदगढ़ (अलवर) थाना क्षेत्र के सैमला रोड स्थित एक ईंट भट्ठे पर शनिवार दोपहर को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां कमरे में खेल रहे 11 वर्षीय बालक को सांप ने काट लिया। बालक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी चमन शाह का परिवार रोजगार की तलाश में शुक्रवार शाम को ही गोविंदगढ़ के सैमला रोड स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने आया था। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे उनका 11 वर्षीय पुत्र अमन अली ईंट भट्ठे पर बने अपने कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया।
सांप के काटने के बाद बालक की चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर पास ही काम कर रहे परिजन और अन्य मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे। बालक की हालत देख परिजन उसे आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोविंदगढ़ लेकर पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने बालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर और पुख्ता इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल अलवर के लिए रैफर कर दिया गया। घटना के बाद से मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


