देशभक्ति के रंग में रंगा खैरथल: 'इंजीनियर पॉइंट स्कूल' की चेतना रैली में उमड़े 2,000 छात्र; प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
इंजीनियर पॉइंट स्कूल की 'विद्यार्थी चेतना रैली' ने शहर को पिरोया राष्ट्रभक्ति के सूत्र में, 2000 छात्रों के साथ गूंजा पूरा खैरथल
खैरथल / अनिल गुप्ता
शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का एक अनुपम दृश्य शुक्रवार को खैरथल शहर में देखने को मिला। स्थानीय इंजीनियर पॉइंट स्कूल द्वारा आयोजित 'विद्यार्थी चेतना रैली' ने पूरे शहर को देशप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। इस विशाल रैली में विद्यालय के लगभग 2,000 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं देश का भविष्य संवारने में किसी से पीछे नहीं हैं।
पुष्पवर्षा के साथ शहरवासियों ने किया स्वागत रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। जैसे ही रैली रवाना हुई, पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। रैली की शोभा बढ़ाने के लिए सरिस्का से विशेष वाहन भी मंगवाए गए थे, जो बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यालय प्रांगण से शुरू होकर रैली मुख्य बाजार से गुजरी, जहां ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति धुनों पर बच्चे अनुशासित कतारों में चलते नजर आए। जगह-जगह व्यापारियों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर बच्चों का जोरदार स्वागत किया।
मंच पर चमकीं प्रतिभाएं, मिला सम्मान रैली के पश्चात आयोजित भव्य सम्मान समारोह में आईआईटी-एनआईटी, नीट में चयनित विद्यार्थियों के साथ-साथ 10वीं व 12वीं बोर्ड में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा 5वीं व 8वीं कक्षा में 'ए' ग्रेड हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों के कर-कमलों से सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने भरा राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा का संचार समारोह में आचार्य सेवक, डॉ. राजेश लालवानी (पूर्व सीएमएचओ), डॉ. रिंकू मेहता, लायन सुभाष गोयल और प्रहलाद गोयल (मुंबई) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
-
आचार्य सेवक ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि विद्यार्थी जीवन ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव है।
-
डॉ. रिंकू मेहता ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया।
-
डॉ. राजेश लालवानी ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि समाज और देश की सेवा करना है।
संस्थान ने जताया आभार संस्थान के निदेशक आजाद चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति के संस्कार जागृत करना है। वहीं, प्रधानाचार्य आचार्य राजेश कुमार ने कार्यक्रम की अपार सफलता के लिए स्कूल स्टाफ, अभिभावकों और खैरथलवासियों के सहयोग का हृदय से धन्यवाद किया।

