स्कॉर्पियो से पीछा... जेसीबी से रास्ता रोका और अंधाधुंध फायरिंग! खेजड़ली गोलीकांड के 2 शातिर शूटर हथियार समेत गिरफ्तार
कैंपर सवार युवक पर 10-15 बदमाशों ने की थी घेराबंदी: 5-7 राउंड दागी थीं गोलियां, बोनट में दुबक कर पीड़ित ने बचाई जान
जोधपुर : जोधपुर कमिश्नरेट के लूणी थाना क्षेत्र अंतर्गत खेजड़ली कला गांव में सरेराह फिल्मी स्टाइल में कार सवार युवकों पर जानलेवा हमला करने और अंधाधुंध फायरिंग करने वाले दो मुख्य आरोपियों को कुड़ी थाना पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्तौल भी बरामद कर ली है। शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है।
क्या था खौफनाक घटनाक्रम?
पीड़ित महेंद्र सिंह (निवासी खेजड़ली कला) ने पुलिस को आपबीती बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने साथियों रविंद्र और मौसिन खान के साथ अपनी कैंपर गाड़ी से गिरा होटल से घर लौट रहा था।
-
200 मीटर आगे घेराबंदी: होटल से महज 200 मीटर की दूरी पर एक सफेद स्कॉर्पियो ने उनका पीछा शुरू किया। स्कॉर्पियो सवार विकास और सुभाष ने कैंपर के पास अपनी गाड़ी लाकर पिस्तौल लहराते हुए जान से मारने की धमकियां दीं।
-
गाड़ी और जेसीबी लगाकर रोका रास्ता: जब पीड़ित जान बचाकर भागे, तो आरोपियों ने आगे जाकर अपनी कार और एक जेसीबी मशीन अड़ाकर रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया।
-
अंधाधुंध 5-7 राउंड फायरिंग: सुभाष और विकास ने कार से उतरते ही जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ 5 से 7 राउंड फायर ठोक दिए। महेंद्र सिंह ने किसी तरह गाड़ी के बोनट के नीचे दुबक कर अपनी जान बचाई। गोलियां गाड़ी के शीशे और बोनट पर जाकर लगीं।
-
10 से 15 हमलावरों ने घेरा: इसके बाद जब पीड़ित कसाब की ढाणी के पास पहुंचे, तो वहां दूसरी कार में मौजूद बंटी, रोनी और हेमंतराम हाथों में लाठी-डंडे लेकर पीछे दौड़ पड़े। पीड़ित का आरोप है कि 10 से 15 लोगों ने एक राय होकर उन्हें मौत के घाट उतारने की कोशिश की थी।
फिटकासनी से दबोचे गए आरोपी, भारी पुलिस बल मुस्तैद
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया एवं उपायुक्त कमला शेखावत के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया। कुड़ी थानाधिकारी सोमकरण के नेतृत्व में एएसआई पुरखाराम, कॉन्स्टेबल चम्पालाल, चैनाराम और सुनील की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिटकासनी इलाके से दोनों आरोपियों—सुभाष और रामप्रकाश को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, अन्य हमलावरों की तलाश
कुड़ी थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी सुभाष के खिलाफ डांगियावास, पीपाड़ शहर और बिलाड़ा में 3 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रामप्रकाश के खिलाफ चौपासनी हाउसिंग बोर्ड और बिलाड़ा थाने में 2 मामले पहले से पेंडिंग हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गिरोह के अन्य फरार सदस्यों (विकास, बंटी, रोनी, हेमंतराम) के ठिकानों और अन्य हथियारों के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।

