निर्मल मन फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित, 51 यूनिट रक्त संग्रहित
जयपुर (जयबीर सिंह) जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शिव शक्ति छात्रावास में रविवार को निर्मल मन फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 51 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के उपाध्यक्ष राहुल सैनी एवं सचिव कविता झा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी (एसीबी) संदीप सारस्वत ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए कहा कि "रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।" उन्होंने निर्मल मन फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों की निरंतरता की कामना की। विशिष्ट अतिथि तारा बेनीवाल ने रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
संस्था के अध्यक्ष कैलाश ओझा ने कहा कि "रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।" उन्होंने बताया कि निर्मल मन फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
शिविर का सफल संयोजन अविरल राजपूत ने किया। उनके नेतृत्व में पूरी टीम ने व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया, जिससे शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपाध्यक्ष राहुल सैनी, सचिव कविता झा, कोषाध्यक्ष रोशन झा, जुगल सिंह जादौन सहित अनेक पदाधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं एवं अतिथियों का स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। अंत में संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

