न्यायालय परिसर मकराना में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीडवाना के निर्देशानुसार न्यायालय परिसर, मकराना में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बेहद उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। अपर मुख्य न्यायाधीश एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश रूपेन्द्र चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक कर्मचारियों व अधिवक्तागण ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए रूपेन्द्र चौहान ने कहा योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली हमारी भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त जीवन जीने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा एक स्वस्थ समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया ताकि शारीरिक समन्वय, मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास को बढ़ाया जा सके। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और सूक्ष्म व्यायाम जैसी शिथिलीकरण क्रियाओं से हुई, जिसे व्यायाम रीडर देशबन्धु मिश्रा द्वारा संपन्न कराया गया। सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुरूप उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न मुद्राओं में योगाभ्यास कराया गया जिनमें ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, पादहस्तासन एवं त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, अर्ध-उष्ट्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध-हलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन। आसनों के पश्चात प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का भी अभ्यास किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों को अद्भुत शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक शांति की अनुभूति हुई। शिविर में पेनल अधिवक्ता तलत हुसैन हनीफी, गिरधारी लाल जोशी, देशबंधु मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, ललित कुमावत, दयाल, लोकेश जांगिड़, फिरोज अहमद, महेन्द्र बारुपाल, विमलेश वर्मा, जीवण खां सहित अन्य उपस्थित रहे।


