पिता की दवा लेकर लौट रहे मां-बेटे की बाइक मृत पशु से टकराई, खाई में गिरने से दोनों गंभीर घायल
बालोतरा/गुड़ामालानी।
जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र अंतर्गत शेरानियों की कटाई गांव के पास मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से पिता की दवा और जरूरी कागजात का काम निपटाकर अपने गांव लौट रहे मां-बेटे की बाइक सड़क पर पड़े मृत पशु से टकराकर अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जोधपुर गए थे पिता की दवा लेने
जानकारी के अनुसार, बाड़मेर जिले के सनावड़ा गांव निवासी अर्जुनराम (38) पुत्र मंगलाराम अपनी 65 वर्षीय मां कुसुंबी देवी के साथ मंगलवार सुबह बाइक से गुड़ामालानी पहुंचे थे। वहां बाइक खड़ी कर दोनों बस से जोधपुर गए थे। जोधपुर में पिता के लिए दवाइयां लेने और मां के आधार कार्ड से जुड़े कार्य निपटाने के बाद शाम को दोनों बस से वापस गुड़ामालानी लौटे। इसके बाद गुड़ामालानी से बाइक लेकर अपने गांव सनावड़ा के लिए रवाना हुए।
सामने से आ रही गाड़ी की लाइट से नहीं दिखा मृत पशु
घायल अर्जुनराम ने बताया कि गुड़ामालानी से लगभग 12 किलोमीटर दूर शेरानियों की कटाई गांव के पास सड़क पर मृत पशु पड़े थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन की तेज लाइट आंखों पर पड़ने के कारण उन्हें सड़क पर पड़े पशु दिखाई नहीं दिए। बाइक सीधे मृत पशु से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
ग्रामीणों और एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल के आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और खाई में गिरे मां-बेटे को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक बालकिशन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल गुड़ामालानी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

