श्रद्धा और सेवा का संगम: मुड़िया पूर्णिमा पर पूंछरी पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को पिलाई ठंडाई-पानी
डीग/भरतपुर/ कोश्लेंद्र दत्तात्रेय : मुड़िया पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को डीग जिले के पूंछरी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से गिरिराज गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की पूंछरी पहुंचने पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, प्राधिकरण अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत, कुम्हेर-डीग विधायक डॉ. शैलेष सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदिरा बेटी ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सेफ हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर मुड़िया पूर्णिमा मेले की सुरक्षा, पेयजल, सफाई और यातायात व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, अपने हाथों से पिलाई प्रसादी
-
खुद संभाली सेवा की कमान: समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परिक्रमा मार्ग पर लगाए गए प्याऊ और भंडारों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपने हाथों से गिरिराज जी की परिक्रमा कर रहे हजारों श्रद्धालुओं को जल पिलाया और प्रसादी वितरित की।
-
उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम: मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर परिक्रमार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (IG) डॉ. प्रीति चंद्रा, जिला कलेक्टर मयंक मनीष, पुलिस अधीक्षक (SP) कांबले शरण गोपीनाथ सहित जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा लाखों की संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

