बाड़मेर: सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार और 2 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार; डोडा-पोस्त व अवैध शराब भी बरामद
बाड़मेर जिले की सदर थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए दो अलग-अलग कार्रवाई में 10 हजार और 2 हजार रुपए के इनामी दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था, जबकि दूसरे इनामी आरोपी को झुंझुनूं पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में अवैध डोडा-पोस्त और शराब के साथ एक तस्कर को भी दबोचा है।
10 हजार का इनामी फायरिंग का आरोपी दबोचा एसपी चूनाराम जाट के निर्देशन और सदर थानाधिकारी देवीचंद ढाका के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने विशेष अभियान के तहत 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी नरपतसिंह उर्फ नरपतराम को गिरफ्तार किया। आरोपी पर चौहटन के दूधवा निवासी शंभूसिंह पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप है। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को दर्ज मामले में फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने महाबार गांव में पिस्टल से हमला किया था, जिसमें मुख्य आरोपी नरपतसिंह फरार चल रहा था।
2 हजार का इनामी झुंझुनूं पुलिस को सौंपा एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी रूपाराम पुत्र तेजाराम (निवासी हाथीतला) को गिरफ्तार किया। वह झुंझुनूं जिले के कोतवाली थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था, जिस पर पूर्व में 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित रह चुका है। गिरफ्तारी के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए झुंझुनूं पुलिस को सौंप दिया गया है।
डोडा-पोस्त और अवैध शराब बरामद सदर थाना पुलिस ने इसके साथ ही गांव रामदेरिया में एक अन्य कार्रवाई करते हुए गिरधरसिंह पुत्र अरुणसिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अवैध डोडा-पोस्त और शराब बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी और एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।

