बारां में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद: पंचायत और निकाय चुनावों के लिए बनी रणनीति, योग्य और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को मिलेंगे टिकट
निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर बारां में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक: पूर्व मंत्री भाया और जिला प्रभारियों की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
बारां (शफीक मंसूरी)
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी पंचायतीराज एवं नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर बारां जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक शनिवार को श्रीजी का चौक स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिलेभर से आए वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया।
योग्य और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता
बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी चुनावों में केवल योग्य, सक्रिय, निष्ठावान और धरातल पर मजबूत जनाधार रखने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता से मैदान में उतारेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और सरकार की जनविरोधी नीतियों व स्थानीय समस्याओं को चुनावी अभियान का मुख्य आधार बनाएं।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर
बारां जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक मीनाक्षी चन्द्रावत तथा सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित ने बैठक में कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने ब्लॉक, नगर, पंचायत और वार्ड स्तर से मिले सुझावों के आधार पर ही चुनावी खाका तैयार करने की बात कही। साथ ही चुनावों में महिलाओं, युवाओं और नए चेहरों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति
बैठक में जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, पूर्व विधायक निर्मला सहरिया, पूर्व विधायक करणसिंह राठौड़, प्रदेश सचिव सेवादल अशरफ देशवाली सहित विभिन्न ब्लॉकों, निकायों और अग्रिम संगठनों के दर्जनों प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
बैठक के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मुद्दों, संभावित प्रत्याशियों और सांगठनिक स्थिति पर खुलकर अपने सुझाव रखे। अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी अपनी चुनावी रणनीति पूरी तरह जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगी और एक साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी।

