तखतगढ़ पुलिस थाने के 25 पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी विदाई
तखतगढ़ (बरकत खान) पाली जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार विभागीय तबादला नीति के तहत तखतगढ़ पुलिस थाने से स्थानांतरित हुए हेड कांस्टेबल सहित 25 पुलिसकर्मियों के सम्मान में नगर के मुठलिया भवन में एक भव्य एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं नगरवासियों द्वारा स्थानांतरित सभी 25 पुलिसकर्मियों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तखतगढ़ में अपने सेवाकाल के दौरान इन जवानों ने क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा में बेहतरीन कार्य किया है। पुलिसकर्मियों के इस समर्पण और निष्ठा को तखतगढ़ की जनता सदैव याद रखेगी।
कार्यक्रम में कबीर आश्रम के संत शिरोमणि श्री अभयदास महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज नामा, निवर्तमान पार्षद भंवर मीना, राजेश कुमावत, एडवोकेट मुकेश सुथार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय हीरागर तथा दिनेश कुमावत सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी व युवा उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने स्थानांतरित पुलिस जवानों को उनके नए नियुक्ति स्थल पर भी इसी निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ जनसेवा करने की सीख देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। संपूर्ण समारोह अत्यंत सम्मानपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

