हरिद्वार गंगा स्नान व तीर्थ दर्शन के लिए बोरावड़ से महिला श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। श्रावण मास की पावन बेला में भगवान शिव की आराधना और मोक्षदायिनी मां गंगा के पवित्र स्नान का पुण्य लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से निकटवर्ती कस्बे बोरावड़ से मंगलवार को महिला श्रद्धालुओं का एक जत्था हरिद्वार एवं मथुरा-वृंदावन धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा पर रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और मां गंगा का स्मरण कर यात्रा की सुखद एवं मंगलमय होने की प्रार्थना की। यह श्रद्धालु जत्था 29 जुलाई को पवित्र नगरी हरिद्वार पहुंचेगा। वहां 29 एवं 30 जुलाई को ब्रह्ममुहूर्त में पवित्र गंगा स्नान, ध्यान तथा विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली वृंदावन और मथुरा के प्रमुख मंदिरों का दर्शन पूजन कर धार्मिक यात्रा पूर्ण करने के उपरांत पुनः बोरावड़ लौटेंगे।
हिन्दू धर्म में श्रावण मास का विशेष आध्यात्मिक महत्त्व माना गया है। इस दौरान गंगा स्नान, भगवान शिव का जलाभिषेक, जप, तप और दान-पुण्य करने से पापों का क्षय तथा अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार श्रावण मास में गंगा स्नान करने से जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिसके चलते प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार सहित प्रमुख तीर्थों की यात्रा करते हैं। इस धार्मिक यात्रा दल में संतोष सोनी, शिप्रा सोनी, दीपिका, आचू सोनी, गिन्या सोनी, भगवती सोनी, रुकमा सोनी, सरिता सोनी, ममता सोनी, संतोष कुमावत, सुशीला सोनी एवं पन्ना देवी सहित बोरावड़ क्षेत्र की कई महिला श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल हुईं।

