सरपंच व प्रधानाध्यापक रेखा भींचर की अगुवाई में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने किया श्रमदान; राजकीय प्राथमिक विद्यालय प्रतापगढ़ में रोपे 1100 पौधे
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार संचालित हरियालो राजस्थान अभियान के तहत मकराना विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुड़सु स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर और खेल मैदान में कुल 1100 पौधे रोपे गए। सरपंच महावीर कुकणा के नेतृत्व तथा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा भींचर की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, मनरेगा कर्मियों, विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
कार्यक्रम में अध्यापक हेमाराम दुस्तावा, मनरेगा कार्मिक, गांव के गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक पेड़ माँ के नाम केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया।

