भक्ति के रंग में रंगा डूंगरपुर: भगवान आदिनाथ के कल्याणक महोत्सव पर प्रभात फेरी और सामूहिक पूजन का आयोजन

Mar 11, 2026 - 16:33
Mar 11, 2026 - 17:17
 0
भक्ति के रंग में रंगा डूंगरपुर: भगवान आदिनाथ के कल्याणक महोत्सव पर प्रभात फेरी और सामूहिक पूजन का आयोजन

डूंगरपुर। शहर में बुधवार को प्रथम तीर्थंकर भगवान श्रीआदिनाथ के जन्म एवं दीक्षा कल्याणक महोत्सव के अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रीअखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संघ के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में पूरा जैन समाज प्रभु भक्ति में लीन नजर आया।

प्रभात फेरी में उमड़ा जनसैलाब महोत्सव का शुभारंभ सुबह गैपसागर की पाल से भव्य प्रभात फेरी के साथ हुआ। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु श्वेत वस्त्र धारण कर, हाथों में धर्म ध्वजाएं लिए प्रभात फेरी में शामिल हुए। भक्ति गीतों और 'आदिनाथ भगवान की जय' के जयकारों के साथ प्रभात फेरी गैपसागर से रवाना होकर सुपरमार्केट, पुराना हॉस्पिटल, कंसारा चौक, सोनिया चौक और घूमटा बाजार होते हुए मानक चौक स्थित आदिनाथ मंदिर पहुंची।

भक्ताम्बर पाठ और भाग्य भक्ति ड्रॉ जिनालय पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और सामूहिक रूप से भक्ताम्बर स्तोत्र का पाठ किया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। कार्यक्रम के अगले चरण में भाग्य भक्ति ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को लाभार्थी नर्मदा बेन गोवर्धनलाल सरैया परिवार की ओर से पुरस्कृत किया गया।

स्नात्र पूजा और मनोहारी आंगी मंदिर के गर्भगृह में विराजित प्रभु का जल और दूध से अभिषेक (पक्षाल) किया गया। इसके पश्चात केसर पूजा और महाआरती उतारी गई। महिला मंडल के सानिध्य में सामूहिक स्नात्र पूजा का विशेष आयोजन हुआ। महोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान की मनोहारी आंगी सजाई गई, जिसे निहारने के लिए दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। कार्यक्रम के अंत में शीला बेन महावीर कुमार दोषी परिवार की ओर से प्रभावना वितरित की गई।

प्रमुख जनों की गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर युवक महासंघ अध्यक्ष विवेक दोषी, महामंत्री मिलन पटवा, पोरवाड़ महासंघ अध्यक्ष संजय मेहता सहित समाज के कई पदाधिकारी, युवा और मातृशक्ति बड़ी संख्या में मौजूद रही।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................