भारी मात्रा में हेरोइन, अफीम और डोडा पोस्त बरामद; नोहर में एमडी ड्रग्स बनाने की लैब पकड़ी, केमिकल व उपकरण भी जब्त
हनुमानगढ़ पुलिस ने जिले में संगठित अपराधों, नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक दिवसीय विशेष "एरिया डोमिनेशन अभियान" चलाया। इस अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिलेभर में 218 पुलिसकर्मियों की 47 विशेष टीमों का गठन कर 188 स्थानों पर दबिश दी गई। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत छह प्रकरण दर्ज कर 21.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 335 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5.368 किलोग्राम डोडा पोस्त और एमडी ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त रसायन और उपकरण बरामद किए। इन मामलों में कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार इश्पाक हुसैन (36) निवासी चक 3 जेडीडब्ल्यू और असरफ खान (27) निवासी जण्डावाली को 17.7 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया। वहीं, जंक्शन थाना पुलिस ने राजू उर्फ राजेंद्र (49) निवासी हिरणावाली के कब्जे से 5.368 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया।
नोहर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 335 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स और एमडी तैयार करने के उपकरण बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से 123 ग्राम अफीम एक कैंटर से बरामद हुई, जिसकी जांच जारी है। गांव असरजाना में एक ढाणी से 212.2 ग्राम अफीम और 5.36 ग्राम मेफेड्रॉन ड्रग सहित चार लोगों को पकड़ा गया। भिरानी थाना पुलिस ने 3.44 ग्राम चिट्टा के साथ भादरा निवासी शोएब को गिरफ्तार किया।
इसके अतिरिक्त सदर थाना पुलिस ने गांव डबलीवास मौलवी निवासी दारा सिंह को 500 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और कैप्सूल के साथ पकड़ा। आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर धारदार कापा बरामद किया गया। पुलिस ने पांच सामान्य मामलों में वांछित आरोपियों, चार स्थायी वारंटियों, 20 गिरफ्तारी वारंटियों और एक टॉप-टेन अपराधी को भी गिरफ्तार किया। 22 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि जिले में अपराध और नशा तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


