अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण जिला सभा की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
डीग (नीरज जैन) अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण समाज डीग की नवगठित जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म रहे। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री बेढ़म एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने जिला कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अपने संबोधन में कहा कि जांगिड़ ब्राह्मण समाज अपनी मेहनत, कौशल, संस्कृति और सामाजिक समरसता के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज शिक्षा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के माध्यम से नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। सरकार सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा सामाजिक संगठनों की सकारात्मक भूमिका लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी से समाज हित में सेवा, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम समाज को नई दिशा देने के साथ विकास और संगठन को और अधिक मजबूत करेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि संगठित समाज ही विकास और सम्मान की नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन केवल परंपराओं के संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, युवा नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच भी हैं। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि समाज की एकता और सहयोग की भावना ही उसकी वास्तविक पूंजी है। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि जिला अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में समाज नई उपलब्धियां हासिल करेगा और जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
समारोह में जिला अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में समाज के लोगों ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह का साफा बांधकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर जांगिड़ ब्राह्मण समाज भरतपुर के जिला अध्यक्ष लोकेश डहरा, सीताराम उच्चेंन, रोहताश नोनेरा, अशोक नगर, बाबूलाल दाढ़ी वाले, गोविन्द प्रसाद जनूथर, मुकेश कलसाडा, जयदेव शास्त्री, गगन कामा सहित बड़ी संख्या में जांगिड़ ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।

