स्वामित्व योजना से बदली रोहित कुमार की जिंदगी; ग्रामीण सेवा शिविर में मिला भूमि का पट्टा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा (फॉलो अप) शिविर आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। पंचायत समिति सेवर की ग्राम पंचायत बिलोठी में आयोजित शिविर में पंचायती राज विभाग की स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्राम बिलोठी निवासी रोहित कुमार पुत्र रामराज को उनकी भूमि का स्वामित्व पट्टा प्रदान किया गया।
ग्राम बिलोठी निवासी रोहित कुमार ने बताया कि वर्षों से भूमि का वैध स्वामित्व दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें बैंक से ऋण लेने सहित कई सरकारी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ता था। बैंक अधिकारियों द्वारा ऋण के लिए भूमि के पट्टे की मांग की जाती थी, जिससे उन्हें बार-बार निराश होना पड़ता था। रोहित कुमार को ग्राम बिलोठी में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर के बारे में जानकारी मिली। लाभार्थी को फॉलोअप शिविर में स्वामित्व योजना के बारे में बताया गया तथा लाभार्थी ने शिविर में आवेदन किया।
शिविर में उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने सबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्या का निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए। शिविर सबंधित अधिकारियों ने रोहितकुमार के भूमि पट्टे को जारी करवाया। पट्टा प्राप्त करने के बाद लाभार्थी के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर में मौके पर ही पट्टा मिलने से अब उनकी भूमि का कानूनी स्वामित्व सुनिश्चित हो गया है। इससे वे भविष्य में आसानी से बैंक ऋण प्राप्त कर अपनी कृषि गतिविधियों का विस्तार कर सकेंगे तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ बना पाएंगे।
रोहित कुमार ने कहा आज का दिन मेरे लिए बेहद खुशी का दिन है। स्वामित्व योजना के तहत मुझे मेरी जमीन का पट्टा मिला है। अब मैं अपनी भूमि का वैधानिक मालिक हूँ और जरूरत पड़ने पर बैंक से आसानी से ऋण भी ले सकूँगा। मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने ग्रामीणों के हित में ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं।

