संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, बल प्रयोग से किया इनकार
नई दिल्ली (शशि जायसवाल) राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत आगे बढ़ने से रोक दिया। संसद परिसर की सुरक्षा को देखते हुए लागू प्रतिबंधों के बीच पुलिस ने सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की थी।
- बैरिकेडिंग के बीच रोका गया मार्च
कुछ प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा पार कर आगे बढ़ने में सफल रहे, जबकि अधिकांश को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर ही रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
- पुलिस ने बल प्रयोग की खबरों का किया खंडन
दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन को पूरी तरह पेशेवर और संयमित तरीके से नियंत्रित किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर किसी प्रकार का बल प्रयोग नहीं किया गया है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
- प्रशासन और प्रतिनिधियों के बीच बातचीत जारी
इस बीच प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच वार्ता शुरू होने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास जारी है।


