मासूम से कथित दुराचार मामला, प्रशासन के आश्वासन व 5 सदस्यीय कमेटी गठन के बाद धरना समाप्त, जांच तक स्कूल रहेगा बंद
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना शहर के मंगलाना रोड स्थित एक निजी स्कूल में साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई कथित दुराचार की घटना के विरोध में पिछले दो दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन बुधवार को जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्टर अवधेश मीणा एवं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने धरना स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। निष्पक्ष जांच के लिए पांच विभागों की संयुक्त कमेटी के गठन और निष्पक्ष कार्रवाई के लिखित-मौखिक भरोसे के बाद आंदोलनकारियों ने शांतिपूर्वक धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
घटना सोमवार की है, जब स्कूल से लौटने के बाद मासूम बच्ची ने अपनी मां को आपबीती बताई। बच्ची ने परिजनों को बताया कि स्कूल के बाथरूम में एक अज्ञात व्यक्ति उसे ले गया और उसके साथ गलत हरकत की। शरीर में दर्द की शिकायत पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच में यौन दुराचार की आशंका व्यक्त की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। घटना की जानकारी मंगलवार रात शहर में फैलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग स्कूल के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगाकर पूरी रात धरने पर बैठे रहे। सूचना पर पहुंचे वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल व थानाधिकारी पंकज कुमार ने समझाइश कर जाम खुलवाया, लेकिन प्रदर्शनकारी रात भर डटे रहे।
धरना स्थल पर पूर्व विधायक श्रीराम भींचर भी पहुंचे और पूरी रात प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे रहे। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के सुबह ही थाने पहुंचने के बावजूद मासूम का मेडिकल देर रात 11 बजे कराया गया। उन्होंने आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को जिला कलेक्टर अवधेश मीणा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के साथ वार्ता हुई जिनमें प्रकरण की पारदर्शी जांच के लिए पांच अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को मिलाकर एक संयुक्त जांच टीम समिति बनाई गई है।
प्रशासन ने साक्ष्य जुटाने और निष्पक्ष जांच रिपोर्ट तैयार करने के लिए दो दिन का समय मांगा, जिसे प्रदर्शनकारियों ने स्वीकार कर लिया। जांच प्रक्रिया पूरी होने और रिपोर्ट आने तक संबंधित स्कूल पूरी तरह बंद रहेगा।
वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल एवं जिला प्रशासन ने बताया कि पोक्सो एक्ट व संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के आश्वासन के बाद शहर में स्थिति नियंत्रण में और शांत है।

