हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा मेला व प्रदर्शनी का आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्वंयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों पर विशेष रूप से केंद्रित तिरंगा मेला व प्रदर्शनी का आयोजन पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल में किया गया। मेले में तिरंगा रंग की थीम वाली वस्तुओं की बिक्री के साथ ही विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए।
जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने राजीविका की स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और मौके पर ही स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साह बढ़ाया। तिरंगा प्रदर्शनी में जिला कलेक्टर ने सेल्फी प्वॉइंट पर सेल्फी भी ली।
प्रदर्शनी में लाख के चूड़े, साबुन, मिट्टी की मूर्तियां, डिजाइनर जूतियां, जूट बैग समेत कई हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। साथ ही स्कूली छात्रों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत बनाई गई पेंटिंग्स भी विशेष आकर्षण रहीं।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी किशनगढ़ बास मनीष कुमार जाटव, खंड विकास अधिकारी संजय यादव, एडीओ अनिल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी स्टॉलों का अवलोकन कर उत्पादों की खरीदारी की।

