महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि शनिवार को, प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर होगी विचार गोष्ठी
महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि शनिवार को, प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर होगी विचार गोष्ठीदेवरिया बालाजी के समीप प्रतिमा स्थल पर सुबह 9:30 बजे से आयोजन; समाज के गणमान्य लोग और अनुयायी लेंगे भाग
गुरला/भीलवाड़ा (बद्री लाल माली)। भारत के महान समाज सुधारक और सामाजिक पुरोधा महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि 28 नवंबर, शनिवार को प्रातः 9:30 बजे फूले सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस अवसर पर भीलवाड़ा स्थित देवरिया बालाजी के समीप स्थापित महात्मा ज्योतिबा फूले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा।
पुष्पांजलि के बाद फूले परिसर में होगी विचार गोष्ठी फूले सेवा संस्थान के अध्यक्ष गोपाललाल माली ने बताया कि पुष्पांजलि कार्यक्रम के पश्चात फूले परिसर में ही एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। माली ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले देश के वे महान सामाजिक पुरोधा थे, जिन्होंने तत्कालीन समय में व्याप्त सामाजिक बुराइयों को न केवल जड़ से उखाड़ फेंका, बल्कि ऐसे उच्च जीवन मूल्य भी स्थापित किए जो आज सवा सौ साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आमजन के बीच जीवित और प्रासंगिक हैं।
युवाओं व नागरिकों में राष्ट्रभाव जगाने का उद्देश्य उन्होंने कहा कि महात्मा फूले के विचारों की वर्तमान प्रासंगिकता को देखते हुए हर वर्ष उनके जीवन दर्शन की समीक्षा और अवलोकन से जुड़े ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं, जो नागरिकों में राष्ट्रभाव और सामाजिक समरसता का संचार कर सकें। फूले सेवा संस्थान उनके विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए कई वर्षों से सक्रिय है और प्रतिवर्ष जिले भर में पुण्यतिथि पर संगोष्ठियां आयोजित करता है। कार्यक्रम में संस्थान के समस्त पदाधिकारी, सदस्य, समाज के गणमान्य नागरिक और महात्मा फूले के अनुयायी मौजूद रहेंगे।

